home page

फर्जी जवान गिरफ्तार, सेना की वर्दी पहनकर जुटा रहा था जानकारी

 | 

अलीपुरद्वार, 25 मार्च (हि. स.)। विधानसभा चुनाव 2026 से पहले सुरक्षा के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सेना की वर्दी पहनकर घूम रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना बुधवार की है, जब स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) द्वारा लगाए गए नाका चेकिंग प्वाइंट पर एक युवक सेना की वर्दी में फोटो खिंचवाता नजर आया। शक होने पर पुलिस ने उसे रोका और पूछताछ शुरू की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, युवक शामुकतला इलाके का रहने वाला है। वह न सिर्फ वर्दी पहनकर फोटो खींच रहा था, बल्कि वहां तैनात कर्मियों से हासीमारा सेना छावनी के बारे में संवेदनशील जानकारी भी जुटाने की कोशिश कर रहा था। उसकी बातचीत में विरोधाभास मिलने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

तलाशी के दौरान उसके पास से एक फर्जी पहचान पत्र भी बरामद हुआ, जिसके बाद अलीपुरद्वार थाने की ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अनिर्बान भट्टाचार्य ने कहा कि युवक का व्यवहार असामान्य लग रहा है और वह मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत होता है। जिस वजह से नाम गोपनीय रखा गया है। पूछताछ के बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

हालांकि चुनावी माहौल को देखते हुए पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं संवेदनशील सैन्य जानकारी जुटाने के पीछे कोई अन्य उद्देश्य तो नहीं था।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार