home page

प्रेमिका को मौत के कुएं में धकेलने वाला प्रेमी गिरफ्तार, आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज

 | 
प्रेमिका को मौत के कुएं में धकेलने वाला प्रेमी गिरफ्तार, आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज


बहराइच, 05 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ प्यार के जाल में फंसाकर प्रेमिका से पीछा छुड़ाने के लिए उसे मौत के मुंह में धकेलने वाले आरोपित प्रेमी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मोतीपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मिहीपुरवा के इस मामले ने इलाके में भारी तनाव पैदा कर दिया था, जिसके बाद हिंदू संगठनों के कड़े विरोध और पुलिस की मुस्तैदी के चलते आरोपित अब सलाखों के पीछे है।

गौरतलब है कि यह घटना बीते चार जुलाई की है। मिहीपुरवा की रहने वाली काजल और उसका प्रेमी शेख शरीफ रजा खान दोनों विचपरी नहर के पास पहुंचे थे। योजनाबद्ध तरीके से या दबाव में, दोनों ने नहर में छलांग लगा दी।

नहर में कूदने के बाद आरोपित शेख शरीफ तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि उसकी प्रेमिका काजल की डूबने से मौत हो गई। शुरुआती जांच और सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी शेख शरीफ अपनी प्रेमिका से पीछा छुड़ाना चाहता था और इसी साजिश के तहत उसने इस खौफनाक कदम के लिए काजल को उकसाया था।

काजल की मौत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। आरोपित की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मोतीपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।

थानाध्यक्ष आनन्द चौरसिया ने रविवार काे बताया कि पुलिस ने आरोपित शेख शरीफ रजा खान के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने समेत सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी शेख शरीफ को गिरफ्तार कर लिया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेज दिया गया है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA