पेट्रोल चोरी करते चार आरोपित गिरफ्तार, 600 लीटर पेट्रोल बरामद
गोरखपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चिलुआताल पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम उत्तरी जोन ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पेट्रोल चोरी के आरोप में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 600 लीटर पेट्रोल, पांच 200 लीटर क्षमता वाले नीले ड्रम, 20 लीटर क्षमता की प्लास्टिक की गोल बाल्टी, बड़ी कीप, प्लास्टिक की पाइप तथा एक टैंकर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष चिलुआताल के नेतृत्व में की गई। 21 सितंबर 2026 को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को पेट्रोल चोरी की गतिविधि की जानकारी मिली। इसके बाद उपनिरीक्षक आशीष सिंह और एंटी थेफ्ट टीम उत्तरी जोन के उपनिरीक्षक गिरीश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लिया, जिसकी जानकारी मंगलवार काे मीडिया में दी गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामदेव पुत्र रामलखन निवासी ग्राम रानीपुर, थाना पुरन्दरपुर, जनपद महाराजगंज, तारकेश्वर पुत्र संतोष निवासी प्यासी बाजार, थाना खोराबार, गोरखपुर, शिव कुमार पुत्र रामलगन निवासी बेलवारायपुर, थाना गुलरिहा, गोरखपुर तथा अनन्त पुत्र रामसजन निवासी बंसहिया, थाना चौरीचौरा, गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच नीले ड्रमों में करीब 600 लीटर पेट्रोल के अलावा 20 लीटर क्षमता वाली प्लास्टिक की गोल बाल्टी, बड़ी कीप, प्लास्टिक की पाइप और टैंकर संख्या UP53DT9639 बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर थाना चिलुआताल में मुकदमा अपराध संख्या 746/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 317(2) में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक आशीष सिंह, उपनिरीक्षक विकास यादव, उपनिरीक्षक गिरीश मिश्रा, कांस्टेबल मुकेश चौहान, संजय कुमार, अंकित चौरसिया, आयुष द्विवेदी, विकास वर्मा, नवदीप सिंह, संजीत पाण्डेय तथा संदीप कुमार यादव सहित चिलुआताल थाना और एंटी थेफ्ट टीम उत्तरी जोन के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

