पुलिस ने तीन बांग्लादेशी नागरिकों को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली, 28 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने अवैध प्रवास के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना आदर्श नगर क्षेत्र से तीन अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के पास से प्रतिबंधित आईएमओ एप्लिकेशन से युक्त तीन स्मार्ट फोन और दस बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान दस्तावेज बरामद किए गए हैं। सभी को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समक्ष पेश कर निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने शनिवार को बताया कि 25 फरवरी की सुबह विदेशी प्रकोष्ठ की टीम ने आदर्श नगर मेट्रो स्टेशन के पास छापेमारी की। खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ संदिग्ध महिलाएं वहां आकर अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त हैं और अवैध रूप से भारत में रह रही हैं। सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए स्टिंग ऑपरेशन चलाया। संकेत मिलते ही महिला पुलिसकर्मियों ने तीनों को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में तीनों ने खुद को भारतीय नागरिक बताया, लेकिन जवाबों में विरोधाभास और संदिग्ध व्यवहार के चलते विस्तृत जांच की गई। दस्तावेजों के सत्यापन और डिजिटल गतिविधियों की पड़ताल में सामने आया कि तीनों बांग्लादेश के निवासी हैं और बिना वैध कागजात के भारत में रह रहे थे। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रोजिना उर्फ चमेली (32), निवासी जिला शरीयतपुर, ढाका; लैला खानम (20), निवासी जिला नाराइल, खुलना; और मरूफा खातून (27), निवासी जिला नाराइल, खुलना, बांग्लादेश के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपितों के मोबाइल फोन से दस बांग्लादेशी राष्ट्रीय पहचान पत्रों की तस्वीरें भी मिली हैं। बरामद सामान को जब्त कर लिया गया है और संबंधित कानूनी धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

