पुलिस और एसएसबी की टीम ने दो तस्कर काे गिरफ्तार किया
बहराइच, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रुपईडीहा थाना क्षेत्र अन्तर्गत भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 66 ग्राम नाजायज स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब पच्चीस लाख रुपये है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।
रुपईडीहा थाना प्रभारी हरेन्द्र कुमार मिश्रा ने शनिवार काे बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार रात को रुपईडीहा थाना पुलिस टीम ने एसएसबी के जवानों के साथ संयुक्त कार्रवाई की। एजीसी कॉलेज रुपईडीहा के पीछे भारत-नेपाल सीमा पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा। इनकी पहचान बाराबंकी जिले के सतरिख थाना क्षेत्र के भगवानपुर निवासी रंजीत (27) और जमापुर निवासी बृजेश (26) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपिताें के कब्जे से 66 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपिताें के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

