पीतमपुरा में दो कारों की टक्कर, दाे घायल
नई दिल्ली, 29 मार्च (हि.स.)। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में रविवार सुबह सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आईं। घटना आरपी चौक के पास जीडी गोयनका स्कूल के सामने सुबह करीब 5:30 बजे हुई।
पुलिस के अनुसार, मोर्या एन्क्लेव थाने में पीसीआर कॉल के जरिए हादसे की सूचना मिली। शिकायतकर्ता राघव माथुर ने बताया कि वह अपनी मारुति ब्रेजा कार से जा रहे थे, तभी नेता जी सुभाष प्लेस की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी।
हादसे में पार्थ गंभीर (21) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत फोर्टिस अस्पताल, शालीमार बाग में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, शिकायतकर्ता राघव माथुर को मामूली चोटें आईं, जिन्हें भगवान महावीर अस्पताल ले जाया गया। टक्कर मारने वाली कार के चालक को भी मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मोर्या एन्क्लेव थाने पहुंचा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

