home page

पांच साल पुराने मामले में उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार

 | 
पांच साल पुराने मामले में उद्घोषित अपराधी गिरफ्तार


शिमला, 03 जुलाई (हि.स.)। शिमला पुलिस ने उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामपुर उपमंडल से एक उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को पुलिस थाना रामपुर और पीओ सेल रामपुर की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को जाहू डीम क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसे अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रामपुर की अदालत में पेश किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक यह मामला पुलिस थाना ननखड़ी में 4 फरवरी 2021 को दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। इस मामले में आरोपी भगत राम (46), पुत्र शेर सिंह, निवासी तहसील ननखड़ी, जिला शिमला पर घर में अनधिकृत रूप से प्रवेश करने, मारपीट करने, गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप हैं। मामला भारतीय दंड संहिता की धाराओं 452, 504, 506 और 427 के तहत दर्ज किया गया था।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामला अदालत में विचाराधीन है। सुनवाई के दौरान लगातार अनुपस्थित रहने पर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रामपुर ने 17 फरवरी 2026 को आरोपी को उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।

शिमला पुलिस का कहना है कि उद्घोषित अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। न्यायालय की प्रक्रिया से बचने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें कानून के दायरे में लाना पुलिस की प्राथमिकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा