पंजनहेड़ी गोलीकांड में फरार तीनों आरोपित गिरफ्तार
हरिद्वार, 09 मार्च (हि.स.)। जिले के कनखल पुलिस थाना के अंतर्गत पंजनहेड़ी गोलीकांड में तीनों आरोपितों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। कनखल थाना पुलिस मेडिकल एवं अन्य औपचारिकता पूरी करने के बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया।
दरअसल, 28 जनवरी को अवैध प्लाटिंग की शिकायत पर भूमि पैमाइश करने के लिए पहुंची प्रशासनिक टीम के सामने फायरिंग हुई थी। इस मामले में मुख्य आरोपित अतुल चौहान ने तो कनखल थाना में सरेंडर कर दिया था, लेकिन उनका भतीजा भाजयुमो प्रदेश मंत्री तरुण चौहान, अभिषेक चौहान और गौरव चौहान तभी से फरार चल रहे थे। तीनों ने कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका की थी, लेकिन वह खारिज कर दी गई। अब कनखल थाना पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे तीनों आरोपिताें भाजयुमाे नेता प्रदेश मंत्री तरुण चौहान, अभिषेक चौहान और गौरव चौहान को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। कनखल थाना पुलिस तीनों आरोपिताें का मेडिकल कराने के बाद उनका चालान कर दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

