home page

नागदा में दर्दनाक हादसा: नहाने गए दो मासूमों की खाल में डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

 | 
नागदा में दर्दनाक हादसा: नहाने गए दो मासूमों की खाल में डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम


नागदाा, 9 जुलाई ( हिंस)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के नागदा तहसील क्षेत्र के ग्राम गिदगढ़ में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसे में दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे नहाने के लिए गांव के पास स्थित खाल (जलभराव वाले स्थान) में गए थे, जहां गहरे पानी में चले जाने से उनकी जान चली गई।

पुलिस के अनुसार, हादसे में 14 वर्षीय दारा सिंह गुर्जर और 10 वर्षीय सुरेंद्र सिंह गुर्जर की मौत हुई है। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण दोनों बच्चों को तत्काल शासकीय अस्पताल नागदा लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे की खबर फैलते ही पूरे गिदगढ़ गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों परिवारों में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोगों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।

घटना की जानकारी मिलते ही नागदा-खाचरौद विधायक डॉ. तेज बहादुर सिंह चौहान सिविल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

विधायक डॉ. चौहान ने कहा कि यह बेहद दुखद और पीड़ादायक घटना है। इस कठिन समय में पूरा समाज और शासन पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश देने की बात कही तथा दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

हिन्दुस्थान समाचार / कैलाश सनोलिया