धारदार हथियारों से हमला करने वाले दो आरोपित गिरफ्तार
गोरखपुर, 04 जुलाई (हि.स.)। गगहा थाना क्षेत्र में धारदार हथियारों से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और दाव भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 को आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर वादी के परिजन पर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर थाना गगहा में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने शनिवार काे वांछित अभियुक्त संतोष कुमार पुत्र मथुरा प्रसाद एवं भीम उर्फ हिमांशु पुत्र रविन्द्र कुमार, निवासी बनियापार थाना गगहा, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से घटना में प्रयुक्त एक अदद कुल्हाड़ी और एक अदद दाव बरामद हुआ।
इस संबंध में थाना गगहा पर मु0अ0सं0 312/2026 के तहत धारा 191(2), 191(3), 110, 115(2), 118(2), 333, 352, 351(3) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत है। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

