home page

धनबाद पुलिस पर हमले के मामले में दो गिरफ्तार, वारंटी को छुड़ाकर फरार कराने का आरोप

 | 
धनबाद पुलिस पर हमले के मामले में दो गिरफ्तार, वारंटी को छुड़ाकर फरार कराने का आरोप


अम्बिकापुर, 16 जुलाई (हि.स.)। झारखंड की धनबाद पुलिस की टीम पर हमला कर वारंटी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाकर फरार कराने के मामले में अम्बिकापुर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, धनबाद (बैंकमोड़) थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि वासेपुर का फरार वारंटी साबिर आलम अम्बिकापुर के मोमिनपुरा क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। सूचना के आधार पर धनबाद पुलिस की टीम 29 जून 2026 को अम्बिकापुर पहुंची। मोमिनपुरा मस्जिद के पास स्कूटी से जा रहे संदिग्ध को रोककर पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम साबिर आलम बताया।

बताया गया कि, जैसे ही धनबाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया, उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद जुनैद खान, मोहम्मद जाहिद खान और उनके अन्य साथियों ने मौके पर पहुंचकर पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और हमला किया तथा वारंटी साबिर आलम को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाकर फरार करा दिया। भीड़ का फायदा उठाकर अन्य आरोपी भी मौके से भाग निकले।

घटना के बाद धनबाद पुलिस के उपनिरीक्षक अभय कुमार की शिकायत पर अम्बिकापुर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों के बयान दर्ज किए, घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपितों की पहचान की। वीडियो कॉल और व्हाट्सएप के माध्यम से धनबाद पुलिस की टीम ने हमलावरों की शिनाख्त की।

पहचान के आधार पर पुलिस ने जुनैद खान (30 वर्ष) और उसके पिता मोहम्मद जाहिद खान (59 वर्ष), निवासी नया बस्ती हबीबनगर, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने पुलिस कस्टडी से वारंटी को छुड़ाने और विवाद करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपितों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह