दोस्ती कर रेस्टोरेंट मालिक का खाता बनाया साइबर ठगी का अड्डा
जयपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। महेश नगर थाना इलाके में रेस्टोरेंट मालिक से दोस्ती कर उसके बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम मंगवाने और आगे ट्रांसफर करने का मामला सामने आया है। आरोपित ने पहले विश्वास में लेकर रेस्टोरेंट मालिक से बैंक खाता नंबर लिया और इसके बाद अलग-अलग लोगों से खाते में रकम डलवाने लगा। खाते में आई रकम को पीड़ित के मोबाइल से नेट बैंकिंग और यूपीआई के जरिए करीब 11-12 अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया। बैंक खाता होल्ड होने के बाद पीड़ित को साइबर ठगी में खाते के इस्तेमाल का पता चला।
थानाधिकारी हवा सिंह के अनुसार सूर्य नगर निवासी सत्येन्द्र कुमार मीना त्रिवेणी चौराहे के पास ‘श्री उम्मेद जायका’ नाम से रेस्टोरेंट चलाते हैं। करीब तीन-चार महीने पहले आदिल खान नाम का व्यक्ति उनके रेस्टोरेंट पर खाना और चाय पीने के लिए आने लगा। लगातार आने-जाने के कारण दोनों में जान-पहचान हुई और आरोपी ने सत्येन्द्र से दोस्ती कर ली।
करीब 15-20 दिन पहले आदिल ने अपने बैंक खाते के होल्ड होने की बात बताकर परेशानी जताई। उसने किसी अन्य व्यक्ति से रुपए मंगवाने की बात कहते हुए सत्येन्द्र से उनका बैंक खाता नंबर मांग लिया। विश्वास में आकर सत्येन्द्र ने उसे अपना खाता नंबर दे दिया।
इसके बाद आदिल अलग-अलग स्थानों से लोगों से सत्येन्द्र के बैंक खाते में रुपए डलवाने लगा। खाते में रकम आने के बाद आरोपी पीड़ित के मोबाइल से नेट बैंकिंग और यूपीआई के जरिए इसे करीब 11-12 अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करता रहा। लगातार संदिग्ध लेन-देन के बाद बैंक ने सत्येन्द्र का खाता होल्ड कर दिया।
लेन-देन बंद होने पर सत्येन्द्र ने बैंक से जानकारी ली तो पता चला कि उसके खाते में साइबर ठगी की रकम आई थी। उसने आदिल को इसकी जानकारी दी तो आरोपी ने सब कुछ ठीक कर देने का आश्वासन दिया। बाद में सत्येन्द्र को अपने साथ हुए धोखे का एहसास हुआ। इसके बाद उसने शुक्रवार को महेश नगर थाने में आदिल खान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस मामले में बैंक लेन-देन और साइबर ठगी की रकम से जुड़े खातों की जांच कर रही है।
साइबर अपराधों में ठगी की रकम को दूसरे लोगों के बैंक खातों में मंगवा कर आगे ट्रांसफर करना ‘म्यूल अकाउंट’ के तौर पर इस्तेमाल किए जाने वाले तरीकों में शामिल है। राजस्थान में पुलिस ऐसे संदिग्ध खातों के खिलाफ अभियान भी चला रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

