home page

दुखद : कलियुगी पिता ने अपनी दो बेटियों को चंबल नदी में धकेला

 | 
दुखद : कलियुगी पिता ने अपनी दो बेटियों को चंबल नदी में धकेला


दुखद : कलियुगी पिता ने अपनी दो बेटियों को चंबल नदी में धकेला


धौलपुर, 21 जून (हि.स.)। पूर्वी राजस्थान के धौलपुर जिले में एक कलियुगी पिता द्वारा कथित तौर पर अपनी दो नाबालिग बेटियों को चंबल नदी में धकेलना का मामला सामने आया है। प्रारंभिक पड़ताल में यह मामला नाबालिग बेटियों के कथित प्रेम प्रसंग एवं ऑनर किलिंग से जुड़ा बताया जा रहा है। दो नाबालिग लड़कियों के गायब होने के बाद गांव में हुई पंचायत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले का संज्ञान लिया। पुलिस ने आरोपी पिता एवं पुत्र को अपनी बेटियों की कथित तौर पर चंबल नदी में फेंककर हत्या करने के आरोप में हिरासत में लिया। उधर, पुलिस की ओर से चंबल नदी में भी दोनों नाबालिग लड़कियों की तलाश में सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है। इस संबंध में लडकियों के मामा की ओर से सदर थाने में आरोपी पिता के विरुद्व नामजद मामला भी दर्ज कराया गया है।

धौलपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले फराकपुर गांव के रहने वाले भरत सिंह की दो नाबालिग बेटियां करीब दस दिन पूर्व 11 जून को लापता हो गई थीं। पुलिस ने बताया कि जब लड़कियां नहीं मिलीं, तो ग्रामीणों ने शुक्रवार को एक पंचायत बुलाई। पंचायत के दबाब में पिता भरत सिंह ने ग्रामीणों को बताया कि वह अपनी बेटियों को आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर चंबल नदी पर स्थित सागरपाड़ा सडक पुल पर ले गया था, जहां से वे दोंनों चंबल नदी में कूद गईं।

उधर, इस मामले में पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पड़ताल के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि भरत सिंह अपनी दोंनों बेटियों की शादी उनकी मर्जी के खिलाफ करना चाहता था। उन्होंने बताया कि बेटियों द्वारा पिता की बात नहीं मानने पर भरत सिंह 11 जून को अपनी दोंनों नाबालिग बेटियों को धौलपुर में चंबल नदी पर बने सागरपाड़ा पुल पर ले गया और उन्हें नदी में धकेल दिया। घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। आरोपी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है तथा घटना के असली हालात का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।

धौलपुर सीओ सिटी कृष्णराज जांगिड ने बताया कि इस संबंध में आरोपी पिता भरत सिंह तथा उसके पुत्र हेमंत के विरुद्व हत्या का मामला दर्ज किया गया गया है। धौलपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव सांडा निवासी अजमेर सिंह द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि उसके जीजा भरत सिंह तथा उसके भांजे हेमंत ने उसकी दो भांजियों को चंबल नदी में धक्का देकर उनकी हत्या कर दी है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

उधर एसडीआरएफ की ओर से चंबल नदी में दोंनों लडकियों की तलाश में सर्च अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन अभी तक कोई नतीजा नहीं निकला है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप