दिल्ली-आरसीबी मैच के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 27 अप्रैल को कोटला स्टेडियम के आसपास कई मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
नई दिल्ली, 25 अप्रैल (हि.स.)। अरुण जेटली स्टेडियम में 27 अप्रैल को होने वाले टाटा इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी के अनुसार शाम 7 बजे से रात 10:30 बजे तक खेले जाने वाले इस डे-नाइट मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने होंगी। मैच के मद्देनजर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्टेडियम के आसपास कई मार्गों पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, मैच के दिन शाम 5 बजे से रात 12 बजे तक बहादुरशाह जफर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग और आसपास के इलाकों में भारी भीड़ रहने की संभावना है। इस दौरान जरूरत के अनुसार बहादुरशाह जफर मार्ग और जेएलएन मार्ग पर डायवर्जन किया जाएगा। दरियागंज से बीएसजेड मार्ग तथा गुरु नानक चौक से आसफ अली रोड तक भारी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
पुलिस ने जिन मार्गों से बचने की सलाह दी है, उनमें राजघाट से दिल्ली गेट तक जेएलएन मार्ग, तुर्कमान गेट से दिल्ली गेट तक आसफ अली रोड और दिल्ली गेट से रामचरण अग्रवाल चौक तक और बहादुरशाह जफर मार्ग शामिल हैं।
स्टेडियम में प्रवेश के लिए दर्शकों को अपने टिकट पर अंकित गेट के अनुसार निर्धारित मार्गों का उपयोग करना होगा। गेट नंबर 1 से 8 तक प्रवेश बहादुरशाह जफर मार्ग से, गेट 10 से 15 तक जेएलएन मार्ग से तथा गेट 16 से 18 तक बहादुरशाह जफर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास से मिलेगा।
सामान्य दर्शकों के लिए स्टेडियम के पास पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। मुफ्त पार्किंग की व्यवस्था माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड, वेलोड्रोम रोड, शांति वन और राजघाट सर्विस रोड पर की गई है। इन स्थानों से पार्क एंड राइड सुविधा उपलब्ध रहेगी। मैच शुरू होने से दो घंटे पहले बस सेवा शुरू होगी और मैच समाप्ति के एक घंटे बाद तक जारी रहेगी।
इसके अलावा, बिना वैध पार्किंग लेबल वाले वाहनों को स्टेडियम के आसपास प्रवेश नहीं दिया जाएगा। बहादुरशाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग और राजघाट से आईपी फ्लाईओवर तक रिंग रोड पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। नियम उल्लंघन करने वाले वाहनों को टो कर कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार ऐप आधारित टैक्सी से आने वाले दर्शकों के लिए ड्रॉप और पिकअप प्वाइंट गेट नंबर-2 (मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज), राजघाट चौक और आईपी फ्लाईओवर-राजघाट के बीच रिंग रोड सर्विस लेन निर्धारित किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

