home page

दार्जिलिंग घूमने आया बांग्लादेशी युवक गिरफ्तार

 | 
दार्जिलिंग घूमने आया बांग्लादेशी युवक गिरफ्तार


सिलीगुड़ी, 07 अगस्त (हि. स.)। दार्जिलिंग घूमने की इच्छा एक युवक के लिए भारी पड़ गया। अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर राजमिस्त्री का काम कर रहा बांग्लादेशी युवक दार्जिलिंग पुलिस के हत्थे चढ़ गया। गिरफ्तार युवक की पहचान सत्यजीत के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश के ठाकुरगांव जिले का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, युवक करीब 27 दिन पहले दलालों की मदद से उत्तर दिनाजपुर के बिंदोल सीमा क्षेत्र से अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। इसके बाद वह रायगंज में लगभग 15 दिनों तक राजमिस्त्री के रूप में काम करता रहा।

सूत्रों के मुताबिक, युवक ने पूछताछ में बताया कि वह असम के कामाख्या मंदिर में दीक्षा लेने के उद्देश्य से भारत आया था। वह पहले कामाख्या गया, फिर वापस रायगंज लौटा और बाद में दार्जिलिंग घूमने पहुंचा, जहां गुरुवार देर रात दार्जिलिंग सदर थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

युवक को फांसीदेवा ब्लॉक के विधाननगर अनानास विकास केंद्र स्थित होल्डिंग सेंटर में रखा गया है। बताया जा रहा है कि इस केंद्र में पहली बार किसी बांग्लादेशी नागरिक को रखा गया है। पुलिस को संदेह है कि युवक का भारत आने का उद्देश्य सिर्फ धार्मिक नहीं हो सकता है। पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार