दरगाह में जायरीन की जेब काटने वाली गैंग का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार
भीड़भाड़ का फायदा उठाकर करते थे मोबाइल चोरी, 6 लाख रुपए कीमत के 25 एंड्रॉयड मोबाइल बरामद
अजमेर, 18 नवम्बर(हि.सं.)। ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में जायरीन की भीड़ का फायदा उठाकर जेब काटने और मोबाइल चोरी करने वाली शातिर गैंग का दरगाह थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अलग-अलग कंपनियों के 25 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है। दरगाह थाना प्रभारी दिनेश कुमार जीवनानी ने बताया कि दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जायरीन के मोबाइल चोरी और जेब कटने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीम ने विशेष प्रयास किए। इसके तहत दरगाह क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर होटल संचालकों से भी संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। । थाना प्रभारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। इनके खिलाफ चोरी और जेबतराशी के कई मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों और चोरी के मोबाइल फोन खरीदने-बेचने वाले नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
आरोपिताें में मोहम्मद आमिर (21), निवासी आम्बा बावड़ी, अंदरकोट, मोहम्मद ग्यासुदीन (20), निवासी ताराशाह नगर, नई सड़क रोड, फरदीन खान (21), निवासी ढोली चौक, खादिम मोहल्ला, शेख फरहान (23), निवासी लाखन कोठरी। मोहम्मद शाहिद (21), निवासी सिलावट मोहल्ला को गिरफ्तार किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

