home page

तीन साल से फरार 40 लाख की धोखाधड़ी का इनामी आरोपी गिरफ्तार

 | 
तीन साल से फरार 40 लाख की धोखाधड़ी का इनामी आरोपी गिरफ्तार


जोधपुर, 26 फरवरी (हि.स.)। जोधपुर रेंज की स्पेशल टीम ने फोरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 40 लाख की धोखाधड़ी कर पिछले तीन साल से फरार चल रहे दस हजार रुपए के एक इनामी अपराधी को गिरफ्तार किया है। उस पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक द्वारा दस हजार रुपए का इनामी घोषित था।

पुलिस महानिरीक्षक राजेश मीना ने बताया कि जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र में भारी मुनाफे का लालच देकर रुपए इन्वेस्ट कर लोगों के साथ धोखाधड़ी करने की आसूचना लगातार प्राप्त होने पर रेंज स्तरीय स्पेशल टीम द्वारा ऐसे अनेक ट्रेडिंग कम्पनियों के नेटवर्क पर गहनता से कार्य करना प्रारम्भ किया गया। पिछले दो माह से भारी मुनाफे का लालच देकर रुपए इन्वेस्ट कर लोगों से जानकारी प्राप्त करने पर मुख्य सरगना बिलाड़ा निवासी रितिक पटेल का नाम सामने आने पर रेंज की स्पेशल टीम प्रभारी एसआई देवाराम के नेतृत्व में टीम ने आज सवेरे विवेक विहार स्थित पुराने फ्लेट में फरारी काटते हुए पकड़ा।

कई राज्यों में काटी फरारी

पूछताछ करने पर उसने बताया कि शुरुआत में नीट की तैयारी कर रहा था। कोविड में तैयारी छूट जाने से गांव बिलाड़ा आया गया। फोरेक्स ट्रेडिंग में इन्वेस्ट का काम शुरू किया तथा प्रत्येक इन्वेस्टर के पीछे 1600 रुपए के हिसाब से चैन बनाकर काम करना शुरू किया। इस तरह 19-20 करोड़ रुपए कैश प्राप्त हुए और आगे फोरेक्स ट्रेडिंग ट्रान्सफर कर दिये, उसके बाद कम्पनी ने रिटर्न देना बंद कर दिया था। फोरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर भारी मुनाफे का रिटर्न नहीं मिलने पर एक पीडि़त के साथ 40 लाख रुपए की धोखाधडी से आहत होकर पीडि़त ने आत्महत्या कर ली जिसका प्रकरण पुलिस थाना बिलाड़ा में दर्ज हुआ। उसके बाद वर्ष 2023 से पुलिस एवं पीडि़त परिवारों से बचते हुए गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, जयपुर, ब्यावर और जोधपुर में फरारी काट रहा था।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश