तीन साल से फरार 20 हजार का इनामी हरियाणा में गिरफ्तार
जोधपुर, 13 जून (हि.स.)। फलोदी पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने एक संयुक्त कार्रवाई में बीस हजार रुपये के इनामी बदमाश को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। यह आरोपित अवैध शराब सप्लाई के एक मामले में पिछले तीन साल से फरार चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक सतनाम सिंह ने बताया नौ जून 2023 को फलोदी थाना पुलिस ने एक ट्रक से पंजाब निर्मित अवैध शराब के 681 कार्टन जब्त किए थे। इस मामले में दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया था। जांच में खुलासा हुआ था कि अवैध शराब का यह ट्रक राकेश ने लोड करवाकर आरोपित सतीश और संदीप को सप्लाई किया था। इस कार्रवाई के बाद से ही मुख्य आरोपित राकेश फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
डीएसटी टीम और फलोदी थाना पुलिस ने हरियाणा एसटीएफ के सहयोग से फरार चल रहे आरोपित राकेश पुत्र धर्मपाल नायक को हिसार से गिरफ्तार किया। राकेश फतेहाबाद हरियाणा के अकावाली पोस्ट हिजरावा कला का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपित राकेश पर फतेहाबाद जिले में पहले से ही 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

