डोमिनोज़ फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 2.65 लाख की साइबर ठगी का खुलासा, दिल्ली से आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 26 जुलाई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा पुलिस ने डोमिनोज़ फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक साइबर ठग को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपित ने गूगल के माध्यम से फ्रेंचाइजी लेने के इच्छुक लोगों को अपना शिकार बनाकर लाखों रुपये की ठगी की। पुलिस ने आरोपित को दिल्ली से गिरफ्तार कर आज रविवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जांच में यह भी सामने आया है कि,आरोपित के खिलाफ कई राज्यों में इसी तरह की साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, अकलतरा निवासी 24 वर्षीय संस्कार अग्रवाल, जो राइस मिल का संचालन करते हैं, डोमिनोज़ की फ्रेंचाइजी लेने के लिए गूगल क्रोम के माध्यम से ऑनलाइन जानकारी तलाश रहे थे। आवेदन करने के कुछ समय बाद उन्हें निखिल तिवारी नाम बताने वाले एक व्यक्ति का फोन आया। उसने स्वयं को कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए फ्रेंचाइजी पंजीयन के नाम पर 2,65,500 जमा कराने को कहा।
आरोपित की बातों पर विश्वास कर संस्कार अग्रवाल ने 10 अप्रैल 2026 को अपने निजी बचत खाते से बताए गए बैंक खाते में 2.65 लाख की राशि ट्रांसफर कर दी। बाद में जब उन्होंने डोमिनोज़ के स्टेट हेड से संपर्क कर फ्रेंचाइजी की जानकारी ली तो पता चला कि उनके नाम से कोई भी पंजीयन नहीं हुआ है। इसके बाद उन्हें अपने साथ साइबर ठगी होने का एहसास हुआ और उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद थाना अकलतरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान जिस बैंक खाते में रकम भेजी गई थी, उसकी जानकारी जुटाई गई। जांच में बैंक खाता ललित कश्यप (40 वर्ष), निवासी ग्राम लाकड़ीपुर, थाना मझोला, जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी पुल प्रहलादपुर, जीडी-126, दिल्ली के नाम पर संचालित होना पाया गया।
पुलिस टीम ने आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने संस्कार अग्रवाल से डोमिनोज़ फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर राशि लेने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपित के बैंक खाते का स्टेटमेंट और पासबुक जब्त कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पर्याप्त सबूत मिलने के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपित के खिलाफ मध्यप्रदेश के जबलपुर साइबर थाना में भी डोमिनोज़ फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 2.65 लाख की ठगी का मामला दर्ज है। इसके अलावा आरोपित के बैंक खाते पर विभिन्न राज्यों से प्राप्त ऑनलाइन ठगी की शिकायतों के आधार पर होल्ड लगाया गया है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपित के खिलाफ कई अन्य राज्यों में भी इसी तरह की साइबर धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि गूगल सर्च में दिखाई देने वाले किसी भी मोबाइल नंबर या वेबसाइट पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। साइबर अपराधी बड़ी कंपनियों के नाम पर फर्जी वेबसाइट और मोबाइल नंबर बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। यदि कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है तो वह तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करे या cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

