home page

झाबुआ: बालवासा में महिला के कंधे पर पति को बैठाकर गांव में घुमाए जाने संबंधी मामले में चार आरोपित गिरफतार

 | 
झाबुआ: बालवासा में महिला के कंधे पर पति को बैठाकर गांव में घुमाए जाने संबंधी मामले में चार आरोपित गिरफतार


झाबुआ, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले के काकनवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बालवासा में एक महिला को उत्पीड़ित कर एवं उसके साथ अमानवीय रुप से अत्याचार किए जाने संबंधी एक घटना प्रकाश में आई है।

जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच किसी अंतरंग विषय को लेकर विवाद हो गया था, जिसके चलते उस महिला के साथ उसके परिजनों द्वारा पहले तो मारपीट की गई, एवं उसके बाद महिला के कंधे पर उसके पति को बैठा कर गांव में घुमाया गया। महिला उत्पीडन की उक्त शर्मसार कर देने वाली घटना के बाद सख्त हुई पुलिस द्वारा तत्काल की गई कार्यवाही में दस आरोपितों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर चार को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले के अन्य छह आरोपित फरार हो गए हैं।

पुलिस जानकारी अनुसार, मामले में दस लोगों के विरुद्ध नामजद एफआईआर हुई है, और पुलिस द्वारा त्वरित रूप से की गई कार्रवाई में दस लोगों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर महिला के पति एवं ससुर सहित दो अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

थाना प्रभारी काकनवानी निरीक्षक तारा मंडलोई ने महिला उत्पीडन की इस वीभत्स, शर्मनाक एवं अमानवीय घटना की जानकारी देते हुए मंगलवार को बताया कि काकनवानी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बालवासा में एक महिला का उसके पति के साथ अंतरंग मामले को लेकर गहरा विवाद हो गया था।

पति-पत्नी के बीच गहराया विवाद कुछ दिन पहले सुलझा भी लिया गया था, किंतु बाद में उसी बात को लेकर महिला के परिजनों सहित अन्य लोगों द्वारा महिला के साथ मारपीट करते हुए उसके पति को जबरन महिला के कंधे पर बैठाकर गांव में घुमाया गया, और इस तरह की शर्मसार कर देने वाली घटना को अंजाम दिया गया। थाना प्रभारी के अनुसार महिला के साथ इस तरह से अमानवीय व्यवहार किए जाने की गंभीर घटना सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो के माध्यम से पुलिस संज्ञान में आई थी। उक्त वीडियो में आरोपियों द्वारा महिला के साथ मारपीट करते हुए उसके पति को जबरन महिला के कंधे पर बैठाकर गांव में घुमाया जाना पाया गया, जो गंभीर अमानवीय एवं आपराधिक कृत्य है।

उक्त घटना की जानकारी मिलते ही थाना काकनवानी पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 96/2026 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 74, 76, 85, 296(ए), 115(2), 351(3), एवं 3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया, और प्रकरण में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपितों के नाम है - सूर्या पुत्र रसिया डामोर, निवासी ग्राम पलाशडोर, दिलीप पुत्र बाबू भूरिया, निवासी ग्राम बालवासा, बाबू भूरिया पुत्र गोवर्धन, निवासी ग्राम बालवासा, एवं शैलेश पुत्र परथिग भूरिया, निवासी ग्राम बालवासा है। थाना प्रभारी के अनुसार मामले में फरार हुए शेष आरोपितों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा