झांसी : तमंचे के बल पर लूट करने वाले चार आरोपित गिरफ्तार
झांसी, 04 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में नवाबाद थाना पुलिस ने तमंचे के बल पर ऑटो में बैठाकर लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से लूट के रुपये, घटना में प्रयुक्त ऑटो, एक अवैध तमंचा, कारतूस, चार मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को सूचना पर ई-बस चार्जिंग स्टेशन रोड, कानपुर बाईपास से चारों आरोपिताें काे गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान चांद खां (52) निवासी भट्टागांव, खुशहाल उर्फ विक्की रजक (42) निवासी गणेश नगर हंसारी, नसीम खां (35) निवासी राजगढ़ और जगमोहन अहिरवार (40) निवासी राजगढ़ के रुप में हुई हैं।
एसपी सिटी के मुताबिक 3 अगस्त को कोछाभंवर निवासी सियाराम यादव मेडिकल कॉलेज के सामने से अपने गांव जाने के लिए एक ऑटो में बैठे थे। आरोप है कि ऑटो में सवार बदमाश उन्हें मेडिकल कॉलेज गेट नंबर-तीन के आगे ले गए, जहां तमंचा लगाकर उनसे 12 हजार रुपये लूट लिए और गाली-गलौज करते हुए फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर नवाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने अगले ही दिन मंगलवार काे चारों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपित चांद खां के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा चोरी सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपिताें के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

