home page

ज्वार की आड़ में गांजे की खेती, टास्क फोर्स ने मजदूर बनकर दबोचा तस्कर

 | 
ज्वार की आड़ में गांजे की खेती, टास्क फोर्स ने मजदूर बनकर दबोचा तस्कर


चित्तौड़गढ़, 15 मई (हि.स.)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी थाना क्षेत्र में बल्दरखा गांव से ज्वार की फसल के बीच अवैध गांजे की खेती का भंडाफोड़ किया है। टीम मजदूर बन कर खेत में पहुंची और 480 हरे पौधे व 860 ग्राम सूखा गांजा बरामद कर खेत मालिक को गिरफ्तार किया।

महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि टास्क फोर्स को आसूचना मिली थी कि बल्दरखा गांव में एक व्यक्ति ने अपने खेत में ज्वार की फसल की आड़ में भारी मात्रा में अवैध गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना पुख्ता होने पर टीम ने सादा वस्त्रों में मजदूर बन कर गांव में घुसी। टीम ने बल्दरखा गांव में मजदूरी के बहाने खेतों में घूम कर रेकी की। तब जांच में सामने आया कि खेत मालिक नारायणलाल ने बड़ी ज्वार की फसल के बीच गांजे के पौधे उगा रखे हैं। खेत मालिक की पहचान नारायणलाल पुत्र हजारी जाट निवासी बल्दरखा के रूप में हुई। इस पर टीम ने दबिश दी तो आरोपी नारायणलाल खेत पर ही मौजूद मिला। टीम को देख कर वह भागने लगा, लेकिन टास्क फोर्स ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद स्थानीय बस्सी थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया। स्थानीय पुलिस ने नारायणलाल व उसके खेत की तलाशी ली तो अवैध मादक पदार्थ गांजे के 480 हरे पौधे व 860 ग्राम सूखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा व पौधे जब्त कर आरोपी नारायणलाल को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार कर लिया। टास्क फोर्स की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ की खेती करने वालों में हड़कंप मच गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल