जोधपुर पुलिस ने लौटाई 58 लोगों की मुस्कान
जोधपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) कमल शेखावत के नेतृत्व में गुम हुए मोबाइल फोन तलाशने के विशेष अभियान के तहत 58 मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
पुलिस उपायुक्त कमल शेखावत ने बताया कि गुम हुए मोबाइलों की शिकायतें सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज कराई गई थीं। शिकायतों के आधार पर पुलिस टीम ने विशेष अभियान चलाकर 58 मोबाइल फोन बरामद किए और सत्यापन के बाद उन्हें उनके मालिकों को वापस सौंप दिया। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो उसकी सूचना तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज कराएं। समय पर शिकायत दर्ज होने से मोबाइल की तलाश और बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है। मोबाइल वापस मिलने पर लाभार्थियों ने जोधपुर पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

