जुआ और सार्वजनिक शराबखोरी पर पुलिस की कार्रवाई, 14 लोगों पर मामला दर्ज
जांजगीर चांपा, 04 अगस्त (हि. स.)। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोतवाली जांजगीर पुलिस लगातार सघन चेकिंग और धरपकड़ अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत देर रात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम मुनुन्द में जुआ खेल रहे 10 आरोपितों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 18 हजार नकद और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही सामग्री जब्त की गई। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वाले 4 लोगों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 4 बाइक चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैंडन यॉर्क, नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) योगिताबाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में की गई।
पुलिस ने अभियान के दौरान नैला रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान का सत्यापन किया गया और आने-जाने वाले लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम नागरिकों से भी बातचीत की और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग की अपील की।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते पाए गए चार लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले चार मोटरसाइकिल चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालान काटकर कार्रवाई की गई।
सबसे बड़ी कार्रवाई ग्राम मुनुन्द में हुई, जहां पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर जुआ खेल रहे 10 जुआरियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 18 हजार नकद राशि, ताश के पत्ते और अन्य जुआ सामग्री जब्त की। सभी आरोपितों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आज मंगलवार को वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि, जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण, सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष अभियान लगातार चलता रहेगा। असामाजिक तत्वों, जुआ, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि, यदि उनके क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या अवैध कार्य संचालित होता दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

