home page

जान से मारने की नीयत से फायर करने वाला फरार आरोपित गिरफ्तार

 | 


हरिद्वार, 18 जनवरी (हि.स.)। जान से मारने की नीयत से व्यक्ति पर फायर करने के फरार आरोपित को पुलिस ने रविवार काे गिरफ्तार कर लिया है। रंजिश के चलते आरोपित ने इस घटना को अंजाम दिया था।

जानकारी के मुताबिक 8 जनवरी को आदित्य राणा पुत्र रविन्द्र राणा, निवासी भगवानपुर, हरिद्वार ने पुलिस को तहरीर देकर मोन्टी निवासी प्रताप कॉलोनी, भगवानपुर व रितिक निवासी रुहालकी दयालपुर, थाना भगवानपुर के खिलाफ जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपितों की फायरिंग में आदित्य बाल-बाल बच गया था। गोली दीवार से टकराकर शहजाद निवासी भगवानपुर को छूती हुई निकल गई थी। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रविवार काे आरोपित अनमोल उर्फ प्रेमी उर्फ मोन्टी पुत्र भूपेन्द्र, निवासी प्रताप कॉलोनी, थाना भगवानपुर, को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपित अनमोल उर्फ मोन्टी ने बताया कि 01 जनवरी को उसका व सह आरोपित रितिक का आदित्य राणा के साथ झगड़ा हो गया था, जिसके कारण उनके बीच रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते दोनों ने मिलकर आदित्य राणा को मारने की योजना बनाई। बताया कि रितिक ने कहीं से देशी तमंचे का इंतजाम किया था। उन्हें पता चला कि आदित्य राणा नम्बरदार वाली गली में रहता है तथा शाम के समय वहीं से आता-जाता है। 8 जनवरी को दोनों बाइक से नम्बरदार वाली गली पहुंचे। बाइक रितिक की थी, जिसे अनमोल चला रहा था। योजना के अनुसार पीछे बैठे रितिक ने आदित्य राणा पर तमंचे से फायर किया, लेकिन वह किसी तरह बच गया। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला