home page

जांजगीर-चांपा : धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल

 | 
जांजगीर-चांपा : धारदार हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल


जांजगीर-चांपा, 14 अप्रैल (हि. स.)। जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोगों को डराने-धमकाने वाले दो युवकों को आज मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों आरोपितों के कब्जे से धारदार हथियार भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल के निर्देश पर जिले में असामाजिक गतिविधियों पर सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी कोतवाली योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी।

पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि, केरा रोड स्थित देशी शराब भट्टी के पास कुछ युवक धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डरा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए अलग-अलग स्थानों से दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों में अभिषेक सोनवान (20 वर्ष) निवासी भाठापारा, जांजगीर और गौरव किरण (19 वर्ष) निवासी ग्राम घनवा, जांजगीर शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो धारदार हथियार जब्त किए हैं।

दोनों आरोपितों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिन्दुस्थान समाचार /लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT