छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
अजमेर, 02 मार्च (हि.स.)। शहर के अलवर गेट थाना क्षेत्र में रहने वाली 21 वर्षीय छात्रा ने सोमवार को घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हेड कॉन्स्टेबल होशियार सिंह के अनुसार नारेली गांव निवासी निकिता (21) पुत्री प्रेमनाथ ने अपने कमरे में पंखे से फांसी का फंदा लगाकर जान दे दी। सबसे पहले उसके छोटे भाई ने उसे फंदे पर लटका देखा और परिवार को सूचना दी। परिजन उसे फंदे से उतारकर तत्काल जेएलएन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर अलवर गेट थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जानकारी ली। शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
मेडिकल ज्यूरिस्ट की सूचना पर पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार निकिता नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। प्रारंभ में परिजन पोस्टमार्टम कराने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन समझाइश के बाद विधि अनुसार कार्रवाई की गई। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

