छह माह से फरार पांच हजार के इनामी को पकड़ा
जोधपुर, 04 मार्च (हि.स.)। राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने पांच हजार के एक इनामी आरोपी को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार किया। आरोपी पिछले छह महीने से डोडा पोस्त मामले में फरार चल रहा था। पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदलकर रह रहा था।
थानाधिकारी रविन्द्रपालसिंह ने बताया कि प्रकरण में आरोपी धुंधवालों की ढाणी, उन्दू काश्मीर, थाना शिव, जिला बाड़मेर निवासी दल्लाराम पुत्र नारायणराम को गिरफ्तार किया गया है। गत वर्ष 18 अगस्त को राजीव गांधी नगर थाना पुलिस और डीएसटी टीम जोधपुर पश्चिम ने संयुक्त रूप से जैसलमेर हाईवे पर कार्रवाई को अंजाम दिया था। पुलिस ने भादरवा बेरा के पास सिंगल सुपर फॉस्फेट खाद के कट्टों से भरे एक मिनी ट्रक को रुकवाया, तब आरोपी ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। पुलिस को तलाशी के दौरान खाद के कट्टों के बीच डोडा पोस्त के 53 कट्टे मिले, जिनका कुल वजन 1058 किलोग्राम पाया गया।
इस संबंध में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। आरोपी के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 37 के तहत वारंट भी जारी किया गया था औरा उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। आसूचना संकलन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर राजीव गांधी नगर थाना पुलिस व डीएसटी बाड़मेर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब उससे मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क और संभावित साथियों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

