घर के अंदर बक्से में बंद मिला सुरक्षाकर्मी का शव ,लापता बेटी पर हत्या का आरोप
इटावा,25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत कांशीराम कॉलोनी में सुरक्षाकर्मी श्याम सुंदर (55) का शव उसके आवास के अंदर बक्से में बंद मिला। घर से बदबू आने के बाद पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने ताला तोड़कर शव को बक्से के अंदर से बरामद किया है। सुरक्षाकर्मी की बेटी लापता है। प्रथम दृष्टया पुलिस मृतक की छोटी बेटी को ही हत्यारोपित मानकर उसकी तलाश में जुट गई।
सिविल लाइन थानाक्षेत्र के अंतर्गत कांशीराम कॉलोनी में रहने वाले सुरक्षाकर्मी श्याम सुंदर की शादीशुदा बड़ी बेटी काजल ने बताया कि उसे पुलिस से पता चला कि उसके पिता की हत्या हो गई है। चार दिन पहले उसकी पिता से बातचीत हुई थी। पिता के साथ छोटी बहन पूजा रहती थी, लेकिन वह भी गायब है। इसलिए उसे शक है कि पूजा ने ही किसी के साथ मिलकर पिता की हत्या की है और फरार हो गई है।
पड़ोसी युवक वारसी ने बताया कि रविवार को बदबू आने के बाद पुलिस को सूचना दी गई है तब पुलिस ने आकर घर का ताला तोड़कर देखा तो अंदर से बक्से के अन्दर से श्याम सुंदर की लाश मिली। मृतक की दूसरी पत्नी जो ढाई साल पहले अलग होकर रह रही थी।
एसपी सिटी विनीता सिंह ने बताया कि सुरक्षा कर्मी के शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए है। शव को गर्म कपड़ों में लपेटकर बक्से में बंद किया गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित सिंह

