home page

घरेलू झगड़े में छोटे एलपीजी सिलेंडर से वार कर की पत्नी हत्या, गिरफ्तार

 | 

नई दिल्ली, 30 मार्च (हि.स.)। दक्षिण‑पूर्वी जिले के पुल प्रहलादपुर थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद में पति ने छोटे एलपीजी सिलेंडर से ताबड़तोड़ वार कर पत्नी की हत्या कर दी। मृतका की पहचान पूनम के रूप में हुई है। वहीं वारदात को अंजाम देने वाले पति की पहचान सुरेश के रूप में हुई है। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के समय आरोपित पति सुरेश शराब के नशे में था या नहीं।

पुलिस के मुताबिक आरोपित सुरेश पत्नी पूनम और दो और चार साल की दो बेटियों के साथ पुल प्रहलादपुर स्थित डीडीए फ्लैट में रहता था। सुरेश प्राइवेट नौकरी करता है और पति‑पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताया गया है कि पत्नी का आरोपित के परिजनों को लेकर विरोध रहता था, जिस कारण दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे। शनिवार की रात भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर सुरेश ने घर में रखे छोटे एलपीजी सिलेंडर से पूनम के सिर पर कई बार वार किया। हमले में पूनम का सिर बुरी तरह फट गया।

पड़ोसियों ने झगड़े की आवाज सुनकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पूनम को एम्स ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया था, पर पुलिस ने कुछ ही देर बाद इलाके से उसे गिरफ्तार कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए रखवाकर आरोपित की मेडिकल जांच कराई जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि वारदात के समय आरोपित शराब के नशे में था या नहीं। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचना दे दी है। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी