home page

गोलीकांड से घायल युवक की मौत का आरोपित गिरफ्तार ,जेल

 | 
गोलीकांड से घायल युवक की मौत का आरोपित गिरफ्तार ,जेल


सुलतानपुर, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के डोमापुर गोलीकांड में एक आरोपित संतोष निषाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त देशी तमंचा .32 बोर और एक कारतूस .32 बोर बरामद किया है।आरोपित को पुलिस टीम ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि थाना अखंड नगर के डोमापुर गोली लगने से घायल हुए श्रवण कुमार केवट की मंगलवार रात लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई थी । थाना अखंडनगर पुलिस ने बुधवार को नागपुर, दोस्तपुर निवासी संतोष निषाद पुत्र रमाशंकर को गिरफ्तार किया है। यह घटना सोमवार को जब फुफेरे भाई प्रवीण ने श्रवण कुमार केवट (23) को गोली मार दी थी। श्रवण को गंभीर हालत में लखनऊ ले जाया गया था, लेकिन मंगलवार रात इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक के पिता सभाजीत निषाद पुत्र झपसी, निवासी डोमापुर, अखंडनगर ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनके बेटे श्रवण कुमार (23) को घर से बुलाकर ले जाया गया और गोली मार दी गई। पुलिस ने इस मामले में प्रवीन कुमार पुत्र रामअनुज (निवासी बेथरा, दोस्तपुर), संतोष पुत्र रमाशंकर (निवासी गंगापुर मुलिया, दोस्तपुर) और प्रमोद कुमार पुत्र भागीरथ (निवासी बेथरा, दोस्तपुर) के खिलाफ केस दर्ज किया है।

श्रवण कुमार की मृत्यु के बाद, पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में हत्या की धारा विवेचना में जोड़ दी। उधर, डोमापुर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मृतक का शव रात तक लखनऊ से आने की संभावना है, जिसके मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। मृतक श्रवण कुमार अपने परिवार में कमाने वाला इकलौता सदस्य था। उसके पिता सभाजीत मजदूरी करते हैं। परिवार में पांच बहनें और दो भाई हैं। तीन बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि 16 वर्षीय संजना और 13 वर्षीय साधना अविवाहित हैं। छोटा भाई सर्वेश 18 वर्ष का है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त