home page

गैंगस्टर रोहित गोदारा-वीरेंद्र चारण के नाम से ज्वेलरी कारोबारी से मांगी पांच करोड़ की रंगदारी

 | 
गैंगस्टर रोहित गोदारा-वीरेंद्र चारण के नाम से ज्वेलरी कारोबारी से मांगी पांच करोड़ की रंगदारी


जयपुर, 08 मई (हि.स.)। राजस्थान में गैंगस्टर्स के नाम पर रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला जयपुर के झोटवाड़ा इलाके से सामने आया है, जहां एक ज्वेलरी कारोबारी को गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण गैंग के नाम से पांच करोड़ रुपए की रंगदारी मांगते हुए धमकी दी गई है। पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर झोटवाड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस साइबर एक्सपर्ट की मदद से धमकी भेजने वाले की पहचान में जुटी है।

झोटवाड़ा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि इलाके में रहने वाले एक ज्वेलरी कारोबारी के मोबाइल पर 6 मई को एक वॉइस मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को रोहित गोदारा-वीरेंद्र चारण गैंग से जुड़ा बताया और कारोबारी से 5 करोड़ रुपए की रंगदारी की मांग की। धमकी भरे वॉइस नोट में रंगदारी नहीं देने पर कारोबारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद कारोबारी का परिवार दहशत में है।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने वॉइस मैसेज के जरिए दबाव बनाते हुए जल्द रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है और मोबाइल नंबर तथा डिजिटल ट्रेल खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में साइबर विशेषज्ञों की सहायता ली जा रही है और जल्द ही धमकी देने वाले आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। राजस्थान में गैंगस्टर्स के नाम पर बढ़ रही रंगदारी की घटनाओं ने व्यापारियों और आमजन में चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश