home page

खेत में बोए थे गांजे के पौधे, पुड़िया पैक कर हो रही थी सप्लाई, खेत मालिक गिरफ्तार

 | 
खेत में बोए थे गांजे के पौधे, पुड़िया पैक कर हो रही थी सप्लाई, खेत मालिक गिरफ्तार


चित्तौड़गढ़, 20 अप्रैल (हि.स.)। जिले के कपासन थाना क्षेत्र में आने वाले उचनार खुर्द गांव में गांजे की अवैध खेती का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके गीले और सूखे पौधे जब्त किए हैं। साथ ही गांजे की दो पुड़िया भी बरामद हुई है। ऐसे में आशंका है कि मौके से ही गांजे की पुड़िया बना कर बिक्री के लिए भेजी जा रही थी। कपासन थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। मामले में खेत मालिक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि कपासन थाना इंचार्ज प्रशिक्षु आरपीएस मनीष शर्मा की टीम ने कार्रवाई की है। प्रशिक्षु आरपीएस को सूचना मिली थी कि उचनार खुर्द गांव निवासी धनराज पुत्र भगवान जटिया के अपने खेत पर अवैध रूप से गांजे के पौधे बो रखे हैं। इस सूचना के बाद जांच करवा कर दबिश दी। मौके पर गांजे की अवैध खेती हो रखी थी। पुलिस ने गांजे के पौधे उखाड़े। यहां से कुल 129 गांजे के पौधे मिले, जिनका वजन कुल 16.42 किलो निकला। वहीं यहां गांजे के सूखे पौधे भी पड़े हुवे थे। इसका वजन 6 किलो 90 ग्राम निकला। इन्हें जब्त कर लिया गया। तलाशी के दौरान गांजे की दो पुड़िया भी पड़ी मिली। ऐसे में आशंका है कि खेत पर ही गांजे की पुड़िया बना कर बिक्री के लिए सप्लाई के लिए जा रही हो। ऐसे में आशंका है कि यहां कपासन और आस पास के क्षेत्रों में गांजा आपूर्ति के लिए जा रहा हो, जिसके संबंध में अनुसंधान किया जा रहा है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर मामले में अग्रिम अनुसंधान भूपालसागर थानाधिकारी घेवरचंद को सौंपी है। अब भूपालसागर पुलिस मामले की जांच करेगी। अनुसंधान में आगे की कड़ी जुड़ने तथा बाजार में गांजे की पुड़िया बेचने वालों का खुलासा भी हो सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल