home page

खड़गपुर में सरेआम गोलीबारी, छात्र गंभीर रूप से घायल

 | 
खड़गपुर में सरेआम गोलीबारी, छात्र गंभीर रूप से घायल


खड़गपुर, 07 अक्टूबर (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर में बुधवार सुबह सरेआम गोली चलने की घटना में 15 वर्षीय एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शहर के 20 नंबर वार्ड के ओल्ड सेटेलमेंट इलाके में गीतांजलि हॉल के पास हुई। घायल छात्र की पहचान अक्षय झा के रूप में हुई है। उसके सीने में गोली लगी है। पहले उसे खड़गपुर महकमा अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे कोलकाता रेफर कर दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह गीतांजलि हॉल के पास एक गली में अक्षय एक बाइक पर पीछे बैठा था। बाइक कोई दूसरा व्यक्ति चला रहा था। आरोप है कि इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो आरोपितों ने गोली चला दी। गोली लगने के बाद अक्षय रक्तरंजित होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया। खड़गपुर महकमा अस्पताल में उसकी हालत बिगड़ती गई, जिसके बाद उसे कोलकाता स्थानांतरित किया गया।

पश्चिम मेदिनीपुर की पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना ने बताया कि गोली चलाने की घटना में शामिल लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है। मामले में संलिप्तता के संदेह में पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, गोली चलाने के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपितों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता