कोर्ट के आदेश पर हत्या के मामले में वांछित दो हिस्ट्रीशीटर समेत तीन गिरफ्तार
नोएडा, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में नोएडा की बादलपुर थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे तीन लोगों को कोर्ट के आदेश पर गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ कोर्ट ने वारंट जारी किया था।
थाना बादलपुर के प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि ग्राम कुड़ी खेड़ा के रहने वाले आमोद पुत्र धर्मपाल, रोहतास पुत्र राजपाल और मनोज पुत्र धर्मपाल हत्या के मामले में पूर्व में गिरफ्तार हुए थे। कोर्ट द्वारा दी गई जमानत के बाद ये लोग न्यायालय में हाजिर नहीं हो रहे थे। उन्होंने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय ने वारंट जारी किया था। उसके आधार पर पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर आज कोर्ट मे पेश किया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में रोहतास और मनोज थाना बादलपुर के हिस्ट्रीशीटर हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

