कोखराज टोल के आगे सर्राफा व्यापारी से लूट,तीन बदमाश बैग छीनकर फरार
चार पुलिस टीम करेगी गिरफ्तारी खुलासा
कौशांबी, 02 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी में कोखराज टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर आगे गुरुवार देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी को रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश हेलमेट से हमला कर व्यापारी को घायल करने के बाद उसका बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब 20 हजार रुपये नकद, एक किलो चांदी की ज्वेलरी और 20 ग्राम सोना रखा होने की बात सामने आई है।
संदीपन घाट थाना क्षेत्र के मूरतगंज निवासी सुरेश चंद्र सोनी प्रतापगढ़ में ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। गुरुवार रात दुकान बंद करने के बाद वह बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे कोखराज टोल प्लाजा पार करने के बाद पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने हेलमेट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और बैग छीनकर बाइक से फरार हो गए। व्यापारी के पास मोबाइल फोन भी नहीं था।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एसपी सत्यनारायण के मुताबिक, पीड़ित की तहरीर पर कोखराज थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। टीमों ने रात से शुक्रवार भोर करीब पांच बजे तक हाईवे किनारे होटल और ढाबों पर लगे करीब 15 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

