कल्याणपुरी में हत्या के प्रयास के मामले में तीन नाबालिग को पकड़ा
नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वी जिले के कल्याणपुरी इलाके में हुए हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों को पकड़ लिया है, जबकि वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। घटना के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है।
पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने मंगलवार को बताया कि चार अप्रैल को थाना कल्याणपुरी में सूचना मिली थी कि चांद सिनेमा के पास एक युवक पर चाकू से हमला किया गया है। घायल को पहले लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। शुरुआत में घायल बयान देने की स्थिति में नहीं था, जिसके चलते पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
अगले दिन पांच अप्रैल को एम्स में घायल का बयान दर्ज किया गया, जिसमें उसने खुलासा किया कि उस पर चार जान-पहचान के लोगों ने सुबह करीब 9 बजे चाकू से हमला किया। उसने हमले के पीछे पुरानी दुश्मनी को वजह बताया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर लगातार छापेमारी कर तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने वारदात में अपनी संलिप्तता कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस अब चौथे आरोपित की तलाश में जुटी है और मामले की आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

