home page

ऑपरेशन कालचक्र में 163 वांछित अपराधी गिरफ्तार

 | 
ऑपरेशन कालचक्र में 163 वांछित अपराधी गिरफ्तार


जोधपुर, 03 नवम्बर (हि.स.)। पंचायती राज चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने तथा जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन कालचक्र’ के तहत पुलिस ने अब तक कुल 163 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। अभियान के दौरान 17 इनामी अपराधियों को पकड़ा गया, विभिन्न प्रकरणों में वांछित 13 अपराधियों की गिरफ्तारी की गई तथा 133 स्थायी वारंटों का निस्तारण किया गया।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज यादव ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों की धरपकड़, इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी और न्यायालयों से जारी स्थायी वारंटों की तामील सुनिश्चित करना है। इसके लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन कर उन्हें स्पष्ट लक्ष्य और जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पुलिस टीमों ने तकनीकी सूचनाओं, खुफिया जानकारी के संकलन और निरंतर निगरानी के आधार पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की।

विशेष टीमों ने समन्वय से की कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वरलाल के सुपरविजन में संचालित इस अभियान की सफलता में गठित विशेष पुलिस टीमों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम प्रभारियों और उनके अधीनस्थ पुलिसकर्मियों ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप लगातार कार्रवाई करते हुए फरार अपराधियों की धरपकड़ और लंबित वारंटों के निस्तारण में योगदान दिया। एसपी पंकज यादव ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सुनियोजित एवं लक्ष्य आधारित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की प्रभावशीलता केवल अपराध दर्ज करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि अपराधियों की गिरफ्तारी, लंबित वारंटों के निस्तारण और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। इनामी अपराधियों, स्थायी वारंटियों, विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों और लंबे समय से फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश