home page

एएनटीएफ ने एक साल से फरार चले रहे 25 हजार के इनामी तस्कर को पकड़ा

 | 
एएनटीएफ ने एक साल से फरार चले रहे 25 हजार के इनामी तस्कर को पकड़ा


जोधपुर, 26 जून (हि.स.)। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम ने एक साल से फरार चल रहे तस्कर को नेतड़ा टोल से गिरफ्तार किया है। सुनील पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

एएनटीएफ आईजी विकास कुमार ने बताया कि खेड़ापा थाने के झाझड़ों की ढाणी, कजनाऊ पालड़ी निवासी सुनील का एक साथी पंजाब में अवैध मादक पदार्थों की खेप पहुंचाने जा रहा था। इसी दौरान हनुमानगढ़ पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने सुनील का नाम उगल दिया। इसके बाद जब पुलिस टीम सुनील के ढाबे पर पहुंची, तो वह पहले ही फरार हो चुका था। उसे भनक लग गई थी कि पुलिस उसका पीछा कर रही है, जिसके बाद वह ढाबा बंद कर फरार चल रहा था। इसी बीच टीम को सूचना मिली कि सुनील अपने गांव आया हुआ है और परिवार के साथ किसी कार्यक्रम में शामिल होने जोधपुर जा रहा है। इस पर पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की। सुनील काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में अपने परिवार के साथ निकला था। एक टीम उसके गांव से ही उसका पीछा कर रही थी, जबकि दूसरी टीम नेतड़ा टोल पर तैनात थी। जैसे ही सुनील की गाड़ी नेतड़ा टोल पर पहुंची, वहां दोनों टीमों ने उसे घेर लिया और गाड़ी से नीचे उतारकर दबोच लिया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुनील ग्रेजुएट है। जब उसे नौकरी नहीं मिली, तो उसने हाईवे पर हरि ओम होटल नामक ढाबा खोला और फिर यहीं से तस्करी का पूरा नेटवर्क शुरू कर दिया। इसी होटल पर पंजाब का एक ट्रक ड्राइवर उससे मिला। खाना खाने के दौरान उसने सुनील को बातों ही बातों में ड्रग्स बेचने की सलाह दी। इसी ट्रक ड्राइवर की बातों में आकर उसने होटल की आड़ में तस्करी शुरू कर दी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश