एंटाली में तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या मामले में एक और गिरफ्तार
कोलकाता, 10 मई (हि. स.)। एंटाली में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता तापस नस्कर की हत्या के मामले में शनिवार देर रात पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित का नाम भोला कर है। रविवार को उसे सियालदह एसीजेएम कोर्ट में पेश किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मंगलवार रात तृणमूल कार्यकर्ता तापस नस्कर की हत्या कर दी गई थी। मामले में पहले ही एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया जा चुका है। शनिवार को इस मामले में भोला कर को गिरफ्तार की गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंगलवार देर रात तापस नस्कर को एंटाली की एक सड़क पर रक्तरंजित हालत में पड़ा देखा गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी ने स्थानीय थाने में कई लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें भोला कर का नाम भी शामिल था।
पुलिस को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि भोला कर हासनाबाद में मिथुन मंडल के घर में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने शनिवार देर रात वहां छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

