उद्घोषित अपराधी कुफरी से गिरफ्तार, अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजा
शिमला, 02 अगस्त (हि.स.)। शिमला पुलिस ने उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसे पहले ही न्यायालय उद्घोषित अपराधी घोषित कर चुका था। पुलिस के अनुसार आरोपी को कुफरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे छह अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रतना दास के रूप में हुई है। वह नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट से जुड़े एक मामले में वांछित था। इस मामले में न्यायालय ने छह दिसंबर 2024 को उसे उद्घोषित अपराधी घोषित किया था। न्यायालय की ओर से उद्घोषणा जारी होने के बाद भी आरोपी लगातार निर्धारित तिथियों पर अदालत में पेश नहीं हो रहा था।
जिला पुलिस शिमला के अभियान के तहत पुलिस थाना ढली की टीम ने आरोपी की तलाश जारी रखी। जांच के दौरान पुलिस को उसके कुफरी क्षेत्र में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक अगस्त 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय ने उसे छह अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। इसके बाद आरोपी को उप-जेल कैथू भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि न्यायालय के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 209 के तहत एक नया मामला भी दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई न्यायालय की उद्घोषणा के बावजूद निर्धारित तिथियों पर उपस्थित नहीं होने के संबंध में की गई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच जारी है।
जिला पुलिस शिमला का कहना है कि उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाया जा रहा अभियान आगे भी जारी रहेगा और न्यायालय से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

