home page

उत्तम नगर घटना को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई, 37 लाख रुपये का संदिग्ध बैंक खाता फ्रीज

 | 
उत्तम नगर घटना को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई, 37 लाख रुपये का संदिग्ध बैंक खाता फ्रीज


नई दिल्ली, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तम नगर में हुई हालिया तरुण कुमार की हत्या की घटना को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ द्वारका जिला पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने ऐसे कई सोशल मीडिया खातों की पहचान कर उन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने शुक्रवार को बताया कि घटना को लेकर कुछ लोग सोशल मीडिया पर अपुष्ट और भ्रामक जानकारी फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से समन्वय कर ऐसे खातों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने अब तक आईटी एक्ट की धारा 79(3)(बी) के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर 14 और इंस्टाग्राम पर 8 कंटेंट हटाने के अनुरोध भेजे हैं, ताकि भड़काऊ और भ्रामक सामग्री को तुरंत हटाया जा सके।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ लोग घटना से जुड़ी झूठी कहानियां फैलाकर लोगों से आर्थिक मदद जुटाने की कोशिश कर रहे थे। 10 मार्च को एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक क्यूआर कोड के जरिए आम लोगों से आर्थिक सहायता मांगी जा रही थी।

पुलिस जांच में पता चला कि पिछले दो दिनों में इस संदिग्ध बैंक खाते में करीब 37 लाख रुपये जमा हो चुके हैं। संभावित धोखाधड़ी को देखते हुए संबंधित बैंक शाखा प्रबंधक को खाते में सभी प्रकार के लेन-देन रोकने और जमा राशि को फ्रीज करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर अपुष्ट या गलत जानकारी फैलाना कानूनन दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी खबर या संदेश को बिना सत्यापन के साझा न करें, ताकि अफवाहों से सार्वजनिक शांति प्रभावित न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी