आपसी विवाद में युवक पर जानलेवा हमला, इलाज के दौरान मौत, दोनों आरोपित गिरफ्तार
रायपुर, 8 अगस्त (हि.स.)। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र के सतनामी पारा कोटा में आपसी विवाद के चलते एक युवक पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपितों को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लकड़ी और ईंट भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 7 और 8 अगस्त की दरम्यानी रात सतनामी पारा कोटा में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान तुषार महिधर उर्फ बाउ (19) और सुरेन्द्र मधुकर उर्फ पोका (25) ने महेश धृतलहरे के साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
गंभीर हालत में महेश को उपचार के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सरस्वती नगर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर दोनों आरोपितों को कुछ ही घंटों में पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने आपसी विवाद के चलते महेश पर हमला करना स्वीकार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल लकड़ी और ईंट बरामद की है। आरोपितों के खिलाफ सरस्वती नगर थाने में हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई डीसीपी पश्चिम जोन रोबिनसन गुड़िया के निर्देशन और एडीसीपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में सरस्वती नगर थाना पुलिस ने की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

