अमानुल्लाह हत्याकांड का मुख्यारोपित गिरफ्तार, पुलिस पर चलाईं तीन राउंड गोलियां
नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में 19 मई को हुए मोहम्मद अमानुल्लाह कुरैशी हत्याकांड के मुख्य आरोपित रिहान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर लगातार तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली हवलदार हरेंद्र की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। गोली रिहान की टांग में लगी और उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया।
उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने शनिवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार चल रहा आरोपित रिहान झील पार्क इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही रिहान भागने लगा और पीछा किए जाने पर उसने पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली से हवलदार हरेंद्र बाल-बाल बच गए। पुलिस ने आरोपित को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उसने दो और गोलियां चला दीं। तीसरी गोली हरेंद्र की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें रिहान की टांग में गोली लगी और वह गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे काबू कर जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से एक पिस्टल, कारतूस, तीन खोखे और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। घटना के बाद क्राइम टीम और एफएसएल को भी जांच के लिए बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार अमानुल्लाह हत्याकांड की जड़ जनवरी में हुई फैजान उर्फ फज्जी की हत्या से जुड़ी है। अमानुल्लाह के बड़े भाई मोईन कुरैशी ने कथित रूप से अपने पिता के अपमान का बदला लेने के लिए फैजान की हत्या की थी और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी पोस्ट किया था। इसके बाद फैजान की मौत का बदला लेने के लिए उसकी मां शमा परवीन और परिवार के अन्य सदस्यों ने अमानुल्लाह की हत्या की साजिश रची।
पुलिस इस मामले में दो सुपारी किलर सैफी उर्फ अब्दुल और अमीर आलम को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, रिहान की मां शमा परवीन और भाई सलमान अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। रिहान के खिलाफ पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। अब उस पर हत्या के प्रयास और पुलिस पर फायरिंग समेत अन्य धाराओं में नया मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

