अनूपपुर: वाहन लगवाने, ट्रैक्टर दिलाने का झांसा देने वाला लाखों की ठगी का आरोपी महिला सहित गिरफ्तार, कार जब्त
अनूपपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की कोतवाली पुलिस ने लाखों की ठगी करने वाले एक आरोपी को सीहोर से गिरफ्तार कर शुक्रवार को अनूपपुर लाया गया।
आरोपी नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया में वाहन लगवाने और शासन से छूट पर ट्रैक्टर दिलाने का झांसा देकर लोगों से धोखाधड़ी करता था। पुलिस ने उसके पास से ठगी गई गाड़ी क्रमांक एमपी 18 केजेड 0201 और कुछ नगदी जब्त की है। आरोपी अपनी पहचान बदलकर रह रहा था। उसके खिलाफ राजगढ़, शाजापुर समेत कई अन्य जिलों में चोरी और बलात्कार जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने इस घटना में साथ देने वाली एक महिला को भी गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी संजय अशोक एक्का ने बताया कि पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के निर्देश पर यह कार्रवाई हुई। कोतवाली थाना के ग्राम केकरपानी निवासी 30 वर्षीय दुबेलाल यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया कंपनी में वाहन लगवाने का झांसा देकर उनकी बोलेरो हड़प ली थी। इस मामले में धारा 318(4) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है।
पोड़ी निवासी सुरेंद्र सिंह परस्ते ने भी शिकायत दी। उन्होंने बताया कि आरोपी ने उनसे 1.50 लाख रुपए, रीतेश सिंह से 70 हजार रुपए और उमेश केवट से 3.10 लाख रुपए, कुल 5.30 लाख रुपए ट्रैक्टर दिलाने के नाम पर ठग लिए थे। इस शिकायत पर भी पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।
साइबर सेल और मुखबिरों की मदद से आरोपी की लोकेशन सीहोर में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना असली नाम सुनील मोहनलाल शर्मा (34) बताया, जो राजगढ़ जिले के बमोरी गांव का रहने वाला है। वह अनूपपुर में 'राजेंद्र सिंह परस्ते' बनकर पोड़ी गांव में रह रहा था। जांच में सामने आया कि आरोपी जमुनिहा निवासी 35 वर्षीय गीतांजली बाई परस्ते (35) को अपनी पत्नी बनाकर रह रहा था। वह ठगी की रकम गीतांजली के खाते में ट्रांसफर करवाता था। आरोपी अपनी बोलेरो गाड़ी में NHAI का फर्जी टोल पास लगाकर घूमता था, ताकि उसे टोल टैक्स न देना पड़े। करीब दो महीने पहले आरोपी महिला के साथ फरार हो गया था और वाहन को सस्ते दाम में बेचने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने सह-आरोपी गीतांजली बाई को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

