अधिवक्ता हत्याकांड का दूसरा आरोपी मुठभेड़ में घायल
मीरजापुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर चर्चित अधिवक्ता हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रविवार देर रात हुई दूसरी मुठभेड़ में पुलिस ने मामले के दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी है।
रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी इन्द्रासन बिंद कटरा क्षेत्र के सोनवर्षा इलाके में राजापुर गांव में छिपा हुआ है। सूचना पर थानाध्यक्ष कटरा व एसओजी टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा और खुद को घिरता देख पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त के पास से एक अवैध तमंचा (315 बोर), दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया है। इस संबंध में थाना कोतवाली कटरा में एक अन्य मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि राजेंद्र सोनकर के साथ मिलकर पुरानी चुनावी रंजिश के चलते 11 अप्रैल को गोली मारकर हत्या की घटना को अंजाम दिया था, जिसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस अधीक्षक अर्पणा रजत कौशिक ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने साहस और सतर्कता के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

