अतिक्रमण हटाने गई टीम से अभद्रता, नायब तहसीलदार को दी जान से मारने की धमकी
चित्तौड़गढ़, 01 जून (हि.स.)। जिले निंबाहेड़ा उपखंड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम से अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत बड़दा के अरनिया माली में आराजी नम्बर 589/489 पर कार्रवाई के दौरान अतिक्रमियों ने राज कार्य में बाधा डाली। ग्राम विकास अधिकारी की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में चार नामजद आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निंबाहेड़ा कोतवाली थाने के एएसआई विश्वजीत ने बताया कि निम्बाहेडा कोतवाली थानाधिकारी को ग्राम विकास अधिकारी हीरालाल आचार्य ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उपखंड अधिकारी के मौखिक निर्देश पर 31 मई को अपरान्ह में टीम अतिक्रमण हटाने ग्राम अरनिया माली पहुंची थी। मौके पर 50 गुणा 44 एरिया से जेसीबी द्वारा अतिक्रमण हटाया जा रहा था। रिपोर्ट में बताया कि यहां अतिक्रमी मुन्नालाल, रोहित राठौड़, नरेंद्र राठौड़ व उनके परिवार के अन्य सदस्य हमसलाह होकर मौके पर आए। आरोपितों ने जमीन अधिग्रहण कर रहे राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों से गाली-गलौज व अभद्र भाषा का प्रयोग किया। मौके पर मौजूद विकास अधिकारी लक्ष्मणलाल खटीक, नायब तहसीलदार संतोष कुमार, पटवारी प्रेमसिंह और ग्राम विकास अधिकारी हीरालाल आचार्य को जान से मारने की धमकी दी और राज्य कार्य में बाधा पहुंचाई। इस पर प्रार्थी ने कोतवाली थाने पर रिपोर्ट दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर राज कार्य में बाधा पहुंचाने सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है।
अनुसंधान अधिकारी एएसआई विश्वजीत ने बताया कि पुलिस ने मामले में सोमवार को अनुसंधान शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में ग्राम विकास अधिकारी ने बताया कि यह सरकारी भूमि थी। इसे विद्यालय के लिए आवंटन कर दिया गया था। उपखंड अधिकारी के निर्देश पर विकास अधिकारी सहित अन्य सभी स्कूल के लिए जमीन अधिग्रहण करने के लिए गए थे। जेसीबी से सफाई कर रहे थे तभी आरोपितों ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

