सड़क के गड्ढे तत्काल भरें, दुर्घटना संभावित स्थानों पर लगाएं चेतावनी संकेत: कलेक्टर
बलरामपुर, 24 अगस्त (हि.स.)।बलरामपुर जिले में सड़कों की खराब स्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने और दुर्घटना संभावित स्थानों पर चेतावनी संकेत लगाने के निर्देश दिए हैं।
आज सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य शीघ्र शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने तथा नक्सल पीड़ित महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया।
संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने आमजन की समस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर ने समितिवार खाद-बीज की उपलब्धता, उठाव और वितरण की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि समितियों में खाद उपलब्ध होने के बावजूद किसानों को इसका लाभ नहीं मिलना गंभीर लापरवाही है। समितियों का नियमित संचालन सुनिश्चित करते हुए किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने पूरी व्यवस्था की सतत निगरानी करने और किसानों को खाद-बीज के लिए भटकना न पड़े, यह सुनिश्चित करने को कहा।
जिले में सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को खराब सड़कों एवं गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सेमरसोत मार्ग को भी दुरुस्त करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि जहां गड्ढे, क्षतिग्रस्त सड़क अथवा दुर्घटना की आशंका वाले स्थान हैं, वहां तत्काल साइन बोर्ड और चेतावनी संकेत लगाए जाएं। आवश्यक सुधार एवं सुरक्षा कार्य पूर्ण कर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
यातायात सुरक्षा को लेकर कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को सार्वजनिक स्थलों और हाट-बाजारों में हेलमेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा, ताकि दोपहिया वाहन चालकों को आसानी से हेलमेट मिल सके और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिले।
कलेक्टर ने कुपोषित बच्चों को सुपोषित करने के लिए चलाए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा निर्धारित पोषण आहार और रेडी-टू-ईट का समय पर वितरण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने पोषण आहार की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी, घर-घर जाकर बच्चों की स्वास्थ्य एवं पोषण स्थिति की जानकारी लेने तथा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा। एनीमिक गर्भवती महिलाओं की भी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए।इसके साथ ही ‘एक पौधा बेटी के नाम’ अभियान के तहत चंदन और मुनगा पौधरोपण को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विद्यालयों में रीडिंग कॉर्नर को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों में पढ़ने की आदत और भाषा कौशल विकसित करने के लिए प्रतिदिन कम से कम 20 मिनट पढ़ने का अभ्यास कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्यालयों का फील्ड विजिट करने और मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेकर कमियों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के बाद विजिट रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने नक्सल पीड़ित महिलाओं को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को उनकी रुचि और स्थानीय संसाधनों के अनुरूप स्वरोजगार, कौशल प्रशिक्षण एवं आयमूलक गतिविधियों से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाते हुए स्थायी आय के साधनों से जोड़ा जाए। महिलाओं को केवल सहायता उपलब्ध कराने तक सीमित न रखते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस और परिणाममूलक प्रयास किए जाएं।
कलेक्टर ने डिजिटल क्रॉप सर्वे की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी ग्राम पंचायतों में सर्वे का कार्य शीघ्र शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शत-प्रतिशत कवरेज के लिए नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
उन्होंने शेष किसानों का एग्रीस्टैक पंजीयन पूरा कराने के लिए डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पंजीयन से छूटे किसानों से संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर आर. एस. लाल, चेतन बोरघरिया, प्रमोद गुप्ता सहित अनुविभागीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

