home page

रेडक्रॉस सोसायटी की बैठक में जनसेवा के कार्यों को प्रभावी बनाने पर जोर

 | 
रेडक्रॉस सोसायटी की बैठक में जनसेवा के कार्यों को प्रभावी बनाने पर जोर


वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीनियर सिटीजन क्लीनिक की पहल

बलरामपुर, 18 अगस्त (हि.स.)।बलरामपुर में रेडक्रॉस सोसायटी की प्रबंध समिति की बैठक मंगलवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में रेडक्रॉस की जनसेवा गतिविधियों को और प्रभावी बनाने, जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को विस्तार देने को लेकर चर्चा की गई। बैठक में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीनियर सिटीजन क्लीनिक शुरू करने के प्रस्ताव पर भी विशेष रूप से विचार-विमर्श हुआ।

बैठक में टीबी मरीजों की सहायता के लिए फूड बास्केट उपलब्ध कराने और अधिक से अधिक लोगों को निक्षय मित्र बनने के लिए प्रेरित करने पर चर्चा की गई। इसके साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में रेडक्रॉस की गतिविधियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया गया, ताकि विद्यार्थियों और युवाओं को मानव सेवा, रक्तदान, आपदा सहायता तथा सामाजिक गतिविधियों से जोड़ा जा सके।

बैठक में वयोवृद्ध और वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सीनियर सिटीजन क्लीनिक शुरू करने के प्रस्ताव पर विशेष चर्चा हुई। क्लीनिक के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक उपचार संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल किए जाने पर विचार किया गया।

इसके साथ ही आयुष पद्धति के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। जरूरत के अनुसार बुजुर्गों को आयुर्वेद, योग और अन्य आयुष चिकित्सा पद्धतियों का लाभ दिलाने की योजना पर विचार किया गया।

बैठक में जिले के विभिन्न स्थानों पर समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसका उद्देश्य स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने के साथ जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है।

जिले में प्राथमिक सहायता के लिए मास्टर ट्रेनर उपलब्ध कराने की मांग पर भी बैठक में चर्चा हुई। आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम में रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यों को जोड़ने के प्रस्ताव पर विचार किया गया। इसके अलावा विकासखंड स्तर पर प्राथमिक सहायता और अन्य जरूरी प्रशिक्षण आयोजित करने को लेकर भी चर्चा हुई।

बैठक में समिति के सदस्यों ने रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने के लिए अपने सुझाव और विचार रखे। जरूरतमंद वर्गों तक सेवा गतिविधियों का लाभ पहुंचाने और समाज में रेडक्रॉस की सहभागिता को मजबूत करने पर जोर दिया गया। आगामी महत्वपूर्ण दिवसों के लिए कार्ययोजना तैयार कर विभिन्न गतिविधियां आयोजित करने पर भी चर्चा की गई।

बैठक में जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सभापति ओम प्रकाश जायसवाल, राज्य प्रबंध समिति प्रतिनिधि बलवंत सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह सहित प्रबंध समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय