home page

महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल

 | 
महतारी वंदन योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल


कोरबा, 07 अगस्त (हि. स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त की राशि प्रदेश की लाखों महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की। योजना के तहत हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए आर्थिक मजबूती का आधार बन रही है। इससे महिलाएं अपनी व्यक्तिगत जरूरतों के साथ-साथ परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने और भविष्य की योजनाओं के लिए बचत करने में सक्षम हो रही हैं।

कोरबा शहर के रेलवे कॉलोनी निवासी श्रीमती शकुंतला कुर्रे पति धनंजय कुर्रे भी महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा योजना शुरू किए जाने के बाद उन्होंने भी इसका लाभ लेने के लिए आवेदन किया था। आवेदन स्वीकृत होने के बाद उन्हें हर महीने समय पर राशि उनके बैंक खाते में प्राप्त हो रही है।

श्रीमती शकुंतला कुर्रे ने बताया कि, योजना शुरू होने से पहले छोटी-छोटी व्यक्तिगत जरूरतों और घरेलू आवश्यकताओं के लिए उन्हें पति या अन्य परिजनों पर आर्थिक रूप से निर्भर रहना पड़ता था। लेकिन महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। अब वह इस राशि का उपयोग अपनी जरूरतों के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और परिवार से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि, योजना से मिलने वाली राशि का एक हिस्सा वह अपनी बेटी ध्रीयांशी के उज्ज्वल भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में बचत के रूप में जमा कर रही हैं। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें भविष्य की जरूरतों के लिए बेहतर योजना बनाने और बचत करने का अवसर मिल रहा है।

शकुंतला कुर्रे का कहना है कि, महतारी वंदन योजना ने महिलाओं के आत्मविश्वास और सम्मान को बढ़ाने का काम किया है। हर महीने निश्चित राशि मिलने से महिलाएं अपनी आवश्यकताओं के लिए आत्मनिर्भर हो रही हैं और परिवार के महत्वपूर्ण निर्णयों में उनकी भागीदारी भी मजबूत हुई है।

उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, जिस तरह एक बड़ा भाई अपनी बहनों की जरूरतों और खुशियों का ध्यान रखता है, उसी तरह मुख्यमंत्री प्रदेश की माताओं और बहनों के हितों का ध्यान रख रहे हैं। हर महीने मिलने वाली यह राशि केवल आर्थिक सहायता नहीं बल्कि महिलाओं के लिए भरोसे और संबल का माध्यम बन रही है।

महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। योजना से जुड़ी लाखों महिलाएं अब अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ अपने परिवार के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए भी योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी